मुजफ्फरपुर में ढाबा संचालकों के बीच खूनी संघर्ष, बुजुर्ग मैनेजर से मारपीट और थूक चटवाने का वीडियो वायरल

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दो ढाबा संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान एक बुजुर्ग मैनेजर के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उनसे जबरन थूक चटवाया गया।

मुजफ्फरपुर में ढाबा संचालकों के बीच खूनी संघर्ष, बुजुर्ग मैनेजर से मारपीट और थूक चटवाने का वीडियो वायरल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार डेस्क: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दो ढाबा संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान एक बुजुर्ग मैनेजर के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उनसे जबरन थूक चटवाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राहकों को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना करजा थाना क्षेत्र के भागवतपुर स्थित एनएच-722 की है, जहां यूपी ढाबा और एमपी ढाबा के संचालकों के बीच ग्राहकों को लेकर लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही थी। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आधा दर्जन से अधिक लोग घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पाइप से मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। आरोप है कि घटना के बाद यूपी ढाबा के संचालक मौके से फरार हो गए, जबकि उनके बुजुर्ग मैनेजर राम विनोद ठाकुर को दूसरे पक्ष ने पकड़ लिया।

बुजुर्ग मैनेजर के साथ अमानवीय व्यवहार

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बुजुर्ग मैनेजर को चौकी पर बैठाकर पाइप और लाठी से पीटा गया। इसके बाद कथित तौर पर उनसे जबरन थूक चटवाया गया। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

यूपी ढाबा के संचालक कर्नल प्रसाद यादव ने एमपी ढाबा के संचालक देवेंद्र राय, जितेंद्र कुमार और अखिलेश राय पर ढाबे में घुसकर तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट और नगदी लूटने का आरोप लगाया है।

वहीं, एमपी ढाबा के संचालक देवेंद्र राय ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि यूपी ढाबा के संचालक और उनके सहयोगियों ने उनके ढाबे में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज की।

पुलिस ने शुरू की जांच

करजा थानाध्यक्ष राम इकबाल प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।